टिकरी/गोंडा। अयोध्या से ई रिक्शा चलाकर लौटे नवाबगंज के उमरिया, पंडितपुरवा निवासी संगमलाल शुक्ल उर्फ भोला (46) की मंगलवार रात गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। घर से करीब 300 मीटर दूर झाड़ी में बुधवार को शव मिलने से सनसनी फैल गई। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं।
संगम लाल की पत्नी करीब 20 साल पहले उनसे अलग हो गई थीं। वह अपने भाइयों के साथ रहकर अयोध्या में ई रिक्शा चलाकर भरण-पोषण करते थे। मंगलवार शाम करीब सात बजे वह ई रिक्शा लेकर अयोध्या के लिए निकले थे। बुधवार सुबह नित्यक्रिया के लिए गईं गांव की महिलाओं ने झाड़ी में शव पड़ा देखकर परिजनों को जानकारी दी। गला गमछे से कसा हुआ था।
परिजनों का आरोप है कि संगमलाल की गमछे से गला घोंटकर हत्या की गई है। उनका मोबाइल भी नहीं मिला। मौके से पानी की एक बोतल, सिगरेट व करीब 400 रुपये मिले हैं। भाई सत्यनारायन शुक्ला ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
सीओ समेत अधिकारियों ने की मौके की जांच
घटना के बाद सीओ तरबगंज उमेश्वर प्रभात सिंह, एसओ अभय सिंह के अतिरिक्त सरयू घाट चौकी प्रभारी संजीव सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से करीब दो मीटर दूर ई रिक्शा भी खड़ा मिला। आशंका है कि ई रिक्शा चालक संगम लाल को बहाने से बुलाया गया। फिर हत्या की गई है। मोबाइल गायब होने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। सीओ ने बताया कि परिजनों ने कोई रंजिश की बात नहीं कही है।
सात भाइयों में दूसरे नंबर पर थे संगम लाल
संगम लाल अपने सात भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। बड़े भाई सत्यनारायण शुक्ल ने बताया कि दो साल पहले पिता प्रेमनाथ शुक्ल की मौत हो चुकी है। परिवार में भाइयों के साथ ही बुजुर्ग मां चंद्रकला हैं। मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। संगमलाल धार्मिक प्रवृत्ति होने के साथ ही मिलनसार थे। रात में ही अयोध्या से ई रिक्शा चलाकर घर लौट आते थे।
विधायक ने परिजनों से की मुलाकात
मनकापुर के विधायक व पूर्व मंत्री रामपति शास्त्री व गोंडा सांसद व केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह के प्रतिनिधि कमलेश पांडेय उमरिया पंडितपुरवा पहुंचे। दोनों ने परिवार के लोगों से मुलाकात की। विधायक प्रतिनिधि वेद प्रकाश दूबे, भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद तिवारी, ग्राम प्रधान अभिषेक सिंह और बाबू लाल शास्त्री समेत अन्य मौजूद रहे।
ई रिक्शा चालक का शव मिला है। परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ के हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस टीमों को लगाया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
- विनीत जायसवाल, एसपी गोंडा