लक्ष्य रायचंदानी को सम्मानित करते विधायक प्रभात वर्मा
- फोटो : amar ujala
पाकिस्तान को हराकर अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीतने वाली भारतीय टीम के कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के गृह जनपद पहुंचने पर जश्न का माहौल रहा। शहर के गुड्डूमल चौराहे के पास स्थित उनके आवास पर भाजपा और सपा के नेताओं ने पहुंचकर मिठाई खिलाई और सम्मानित कर बधाई दी। इससे पहले लखनऊ एयरपोर्ट पर भाजपा नेता शुभम अवस्थी ने लक्ष्य के पिता राजेश रायचंदानी, माता लक्ष्मी रायचंदानी के साथ उनका स्वागत किया।
भाजपा के तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय और गौरा विधायक प्रभात वर्मा ने लक्ष्य के घर पहुंचकर उन्हें व बाबा पूर्व विधायक तुलसीदास रायचंदानी को मिठाई खिलाई और जीत की बधाई दी। भाजपा नेता नीरज मौर्य, शेष चौरसिया और सचिन वाल्मीकि ने भी मिठाई खिलाकर खुशी जताई।
वहीं, समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष अरशद हुसैन ने लक्ष्य के पैतृक आवास पहुंचकर उन्हें और उनके पिता राजेश रायचंदानी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और पार्टी की ओर से भी उन्हें बधाई दी। इस दौरान जिला प्रवक्ता जावेद मंटू, सोमनाथ तिवारी, नंदकुमार आनंद, कर्ताराम यादव और सरदार बिक्की समेत संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।