गोंडा जिले के नवाबगंज के कटरा मार्ग पर कनकपुर गांव के पास रविवार की दोपहर बाद टैंकर की टक्कर लगने से बाइक सवार मां व बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, महिला के पति गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव निवासी मान सिंह (42) अपनी पत्नी उर्मिला (40) व बेटे लवकुश (15) के साथ बाइक से रविवार की दोपहर बहराइच के ग्यारह सौरेती गांव अपने साले की शादी में शामिल होने जा रहे थे। वह नवाबगंज-कटरा मार्ग पर कनकपुर गांव के पास पहुंचे थे तभी पीछे से आ रहे दुग्ध से भरे टैंकर ने टक्कर मार दी जिससे तीनों उछलकर सड़क पर जा गिरे।
इसी दौरान टैंकर से कुचलकर उर्मिला व लवकुश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद दौड़े लोगों ने मान सिंह को नाजुक हालत में सीएचसी पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक भाग निकला। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लिया है।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि हादसे में पति-पत्नी व बेटे की मौत हुई है। टैंकर चालक की तलाश की जा रही है।