कुलदीप वर्मा की फाइल फोटो और बिलखते परिजन। संवाद
मुजेहना/गोंडा। दतौली-धानेपुर मार्ग पर शनिवार दोपहर एंबुलेंस को ओवरटेक करते समय बाइक की डंपर से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार छात्र की मौत हो गई और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
धानेपुर के मंगरे पुरवा दत्तनगर निवासी कुलदीप वर्मा (14) गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। वह माताबदल इंटर कॉलेज मुजेहनी में कक्षा नौ में पढ़ने वाले अपने दोस्त अभय (16) के साथ शनिवार दोपहर बाइक से कोयरीपुर स्थित पंप पर पेट्रोल लेने गया था।
लौटते समय आगे चल रही एंबुलेंस को ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक सामने से आ रहे डंपर से टकरा गई। हादसे में कुलदीप व अभय गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को सीएचसी मुजेहना पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही कुलदीप की मौत हो गई। अभय का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है।
इंस्पेक्टर अरविंद यादव ने बताया कि कुलदीप व अभय में से बाइक कौन चला रहा था? ये स्पष्ट नहीं हो सका है। मौके पर हेलमेट नहीं मिला है। इससे प्रतीत हो रहा है कि बाइक सवार दोनों छात्र हेलमेट नहीं पहने थे। डंपर चालक की तलाश की जा रही है।
इकलौते बेटे की मौत से बेसुध हुई मां
कुलदीप अपने परिवार का इकलौता बेटा था। ग्राम प्रधान राजेश वर्मा के मुताबिक, उसकी बड़ी बहन अंजनी की शादी हो चुकी है। छोटी बहन काजल अविवाहित है। पिता बलराम मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। कुलदीप की मौत की खबर सुनते ही मां शांति देवी बेसुध हो गईं। बहनों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कुलदीप वर्मा की फाइल फोटो और बिलखते परिजन। संवाद