फोटो-13 गोंडा के बेलसर स्थित कस्तूरबा बालिका आवासीय विद्यालय में चोक शौचालय।-संवाद
- फोटो : GONDA
बेलसर (गोंडा)। कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय बेलसर में रहकर पढ़ाई करने वाली करीब सौ बेटियों को खुले में शौच जाना पड़ रहा है। पिछले दो सालों से विद्यालय का शौचालय चोक होने से बेटियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शौचालय के टैंक सफाई व पुनर्निर्माण कराए जाने की मांग कई बार की गई लेकिन जिम्मेेदारों पर कोई असर नहीं पड़ा।
एक ओर खुले में शौच जाने के रोकथाम के लिए तमाम उपाय किए जा रहे हैं वहीं विभागीय उदासीनता के चलते बेसलर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में रहकर पढ़ाई करने वाली करीब सौ छात्राओं को खुले में शौच जाना पड़ रहा है। ऐसे में उनकी सुरक्षा को लेकर खतरा होने के साथ तमाम बीमारियों का खतरा बना रहता है। यहीं नहीं यहां पढ़ने वाले छात्राओं को शुद्ध पेयजल के संकट का भी सामना करना पड़ रहा है।
यहां शौचालय की सुचारु व्यवस्था न होने की खबर उच्च अधिकारियों तक भी है लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है। विगत 28 जनवरी 2021 को राज्य परियोजना अधिकारी प्रभा वर्मा के समय भी शौचालय व पेयजल की समस्या का मामला प्रकाश में आया था। जिसको ठीक कराने का निर्देश दिया गया था। तत्कालीन खंड विकास अधिकारी सदानंद चौधरी ने विद्यालय में मल्टीपल हैंडवाश ,मिट्टी पटाई कार्य , कक्षा-कक्ष व डायनिंग हाल, रसोईघर ,भंडार गृह में टाइल्स लगाने व सबमर्सिबल तथा शौचालय ठीक कराए जाने की बात कही थी। कुछ कार्य शुरू भी किया गया लेकिन बीडीओ के स्थानांतरण के बाद कार्य रोक दिया गया। अभी तक बेटियों को खुले में शौच जाना पड़ रहा है।
प्रकरण संज्ञान में आया है। इसके लिए मैने जांच कर रिपोर्ट बीडीओ और बीएसए को भेज दिया है। जल्द ही कार्य पूरे कराए जाएंगे। अजय कुमार त्रिपाठी, खंड शिक्षा अधिकारी बेलसर