बेपटरी हुई तिरुवनंतपुरम एक्सप्रेस
- फोटो : ANI
स्वतंत्रता दिवस पर देवीपाटन मंडल की एक करोड़ जनता को रेलवे ने नई इंटरसिटी ट्रेन की सौगात देने की तैयारी की है। गोरखपुर-गोमतीनगर तक चलने वाली होने वाली यह ट्रेन स्वतंत्रता की पूर्व संध्या पर संचालित होगी।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संजय यादव ने बताया कि 14 अगस्त को पूर्वोत्तर रेलवे देवीपाटन मंडलवासियों की विशेष मांग पर एक नई इंटरसिटी ट्रेन का संचालन रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा द्वारा किया जाएगा।
यह ट्रेन गोरखपुर से वाया बलरामपुर-गोंडा होते हुए गोमतीनगर तक चलेगी। इससे देवीपाटन मंडल की एक करोड़ जनता लाभान्वित होगी। नई इंटरसिटी ट्रेन 16 डिब्बे की होगी जिसमें एक वातानुकूलित डिब्बा, आठ जनरल डिब्बे, पांच स्लीपर, एक एसएलआर व एक ब्रेकयान होंगे।
ट्रेन संख्या 15009 गोरखपुर से रात को दस बजे चलकर दूसरे दिन भोर में 3.35 बजे गोंडा होते हुए गोमतीनगर सुबह 6:00 बजे पहुंच जाएगी। इसी तरह गोमतीनगर से ट्रेन संख्या 15010 गोमतीनगर से रात को साढ़े 11 बजे चलकर 1:40 बजे गोंडा पहुंचेगी। यह बलरामपुर 2:20 बजे होते हुए गोरखपुर सुबह 7:25 बजे पहुंचेगी।
इस ट्रेन के संचालन से गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, श्रावस्ती, बस्ती सहित आसपास जिलों के एक करोड़ लोगों को फायदा पहुंचेगा। साथ ही गोरखपुर व राजधानी का सफर भी आसान हो जाएगा। इसकी घोषणा से क्षेत्रीय परामर्शदात्री सदस्य पंकज श्रीवास्तव, देवेंद्र प्रताप सिंह ने प्रसन्नता जताई है।