गोंडा। उमरी स्थित प्रसिद्ध मां वाराही देवी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को जल्द ही बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने मंदिर परिसर के भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों की मांग पर मंदिर घाट के निर्माण को मंजूरी देते हुए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने और शीघ्र निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को बताया कि मां वाराही देवी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, लेकिन घाट के अभाव में उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जिलाधिकारी ने घाट निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत कर निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिए। प्रशासन का कहना है कि घाट बनने से श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।
डीएम ने मनकापुर तहसील परिसर में बड़े सरकारी कार्यक्रमों, बैठकों और जनसभाओं के लिए लगभग चार हजार वर्गफीट में आधुनिक शासकीय हाल के निर्माण को भी मंजूरी दी। जनता दर्शन के दौरान मनकापुर के प्राथमिक विद्यालय के जर्जर भवन की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी ने तत्काल दो नए शिक्षण कक्ष और एक बरामदे के निर्माण के लिए धनराशि जारी कराने के निर्देश दिए। आगणन तैयार होने के बाद कार्यदायी संस्था को धनराशि उपलब्ध करा दी गई है और निर्माण कार्य की नियमित समीक्षा भी की जा रही है।
जनता दर्शन में शिकायत पर तत्काल बना राशन कार्ड
जनता दर्शन में राशन कार्ड न होने की शिकायत पर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के निर्देश के बाद करनैलगंज तहसील के सकरौरा गांव निवासी शबनम जहां के परिवार का पात्र गृहस्थी राशन कार्ड तत्काल बना दिया गया। जिला पूर्ति अधिकारी ने पात्रता का परीक्षण कर पांच यूनिट का राशन कार्ड तैयार कराया। जिलाधिकारी ने स्वयं शिकायतकर्ता को राशन कार्ड सौंपते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।