गोंडा। उपश्रमायुक्त देवीपाटन मंडल रचना केशरवानी ने बताया कि निर्माण श्रमिकों के उत्तर प्रदेश भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकरण, नवीनीकरण के लिए बोर्ड ने निशुल्क सुविधा शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि यह सुविधा 30 नवंबर तक ही है।
उन्होंने बताया कि पंजीकरण कराने के लिए सिर्फ अब कागजी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। भवन निर्माण से जुडे़ या ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले श्रमिक श्रम विभाग के कार्यालय या किसी पास के जनसेवा केंद्र पर अपना आधार कार्ड व बैंक पासबुक की छायाप्रति व विगत वर्ष में कम से कम 90 कार्य करने का नियोजक का प्रमाणपत्र या स्व घोषणा पत्र देकर पंजीकरण करा सकते हैं।
नवीनीकरण कराने वालों से भी कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। उपश्रमायुक्त देवीपाटन मंडल ने सभी अपंजीकृत निर्माण श्रमिकों से अपील की है कि वह अपना पंजीकरण करायें और उत्तर प्रदेश भवन एवं संनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ उठायें।