रोजगार की मांग के लिए पैदल मार्च करते युवा। स्रोत: सोशल मीडिया
गोंडा। बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में युवाओं ने सोमवार को प्रदर्शन किया। बेरोजगारी से परेशान कई युवा धरना देने के लिए गांधी पार्क पहुंच गए। सूचना पर रोडवेज चौकी प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अनुमति नहीं होने की बात कहते हुए युवाओं को धरने पर बैठने से रोक दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और युवाओं के बीच काफी देर तक बहस हुई।
इसके बाद युवाओं ने हाथों में बेरोजगारी से जुड़े पोस्टर लेकर गांधी पार्क से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। कलेक्ट्रेट पहुंचकर उन्होंने रोजगार की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे विपनेश यादव ने कहा कि शिक्षा पूरी करने के बाद भी नौकरी नहीं मिल रही है। इससे युवा परिवार पर बोझ महसूस कर रहे हैं। अवधेश यादव ने कहा कि गांधी पार्क में पुलिस ने युवाओं को अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया, इसलिए कलेक्ट्रेट तक मार्च करना पड़ा। युवाओं ने कहा कि सरकार रोजगार देने के बजाय रोजगार के अवसर कम कर रही है। मांगें पूरी नहीं हुईं तो प्रदेशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा।