गोंडा। परसपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली कक्षा छह की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बालिका के चाचा ने दो सगे भाइयों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, धमकी व पाॅक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कराया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 13 वर्षीय किशोरी क्षेत्र के एक स्कूल में कक्षा छह में पढ़ती है। छात्रा के चाचा ने शनिवार को थाने में तहरीर देकर कहा कि उनकी भतीजी बृहस्पतिवार को घर के पास गई थी। तभी गांव के ही दो सगे भाई उसे बहलाकर अपने संग पुराने खंडहर में ले गए। जहां दोनों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। दोनों ने इस बारे में किसी से बताने पर उसे और उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी। घर पहुंचने पर किशोरी ने परिवार वालों को पूरी बात बताई।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार शुक्ल ने बताया कि पीड़िता के चाचा की तहरीर पर अनूप कुमार उर्फ लल्लू और उसके सगे भाई अमित कुमार उर्फ जयदेव के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, धमकी व पॉक्सो की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।