फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: दोपहिया को 200, चौपहिया को 1000 का ही ईंधन

Fri, 27 Mar 2026 12:05 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
शहर में कपूर फिलिंग स्टेशन पर उमड़ी उपभोक्ताओं की भीड़ व इटियाथोक में डीजल-पेट्रोल के लिए जरीके
विज्ञापन
गोंडा। पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाहों ने हालात बिगाड़ दिए हैं। बृहस्पतिवार को भी पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगी रहीं और कई जगह धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई। स्थिति से निपटने के लिए पंप संचालकों ने नई व्यवस्था लागू कर दी है, जिसके तहत अब दोपहिया वाहनों को अधिकतम 200 रुपये और चौपहिया वाहनों को 1,000 रुपये तक ही ईंधन एक दिन में दिया जा रहा है।
विज्ञापन

जिले में दो दिन से डीजल और पेट्रोल की बिक्री 12.62 लाख लीटर तक पहुंच गई है, जो सामान्य खपत से कई गुना अधिक है। आम दिनों में जहां डीजल की खपत करीब 1.88 लाख लीटर और पेट्रोल की 1.52 लाख लीटर रहती थी, वहीं अफवाहों के चलते मांग अचानक कई गुना बढ़ गई।
शहर के गुरुनानक चौराहा स्थित एक पेट्रोल पंप पर बिक्री करीब पांच गुना तक बढ़ गई। पंप मैनेजर नंदकुमार मिश्र ने बताया कि जहां रोजाना 3,000 से 3,500 लीटर बिक्री होती थी, वहीं बुधवार को यह आंकड़ा 15,000 लीटर के पार पहुंच गया। बुधवार रात सीओ सदर आनंदराय खुद पेट्रोल पंप पर मौजूद रहे और लोगों से संयम बरतने की अपील करते रहे। बृहस्पतिवार को एडीएम आलोक कुमार, एएसपी मनोज कुमार रावत और डीएसओ कुंवर दिनेश प्रताप सिंह ने 12 से अधिक पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।
विज्ञापन

एसपी विनीत जायसवाल ने भी निरीक्षण के दौरान कई लोगों को बिना जरूरत ईंधन लेते पकड़ा। एक बाइक सवार टंकी आधी भरी होने के बावजूद पेट्रोल ले रहा था, जिसे समझाकर लौटाया गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में हालात ज्यादा गंभीर
ग्रामीण इलाकों में स्थिति और भी खराब हो गई है। विश्नोहरपुर, इटियाथोक, तरबगंज, करनैलगंज, धानेपुर, बेलसर और खरगूपुर क्षेत्र के कई पेट्रोल पंपों पर स्टॉक पूरी तरह खत्म हो गया है। कुछ स्थानों पर पुलिस की निगरानी में सीमित आपूर्ति की जा रही है, जबकि कई पंप बंद हो गए हैं। इसका सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ रहा है, जिन्हें गेहूं व सरसों की मड़ाई और गन्ने की बोआई के लिए डीजल की आवश्यकता है। कई जगह वाहन चालक खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं।
ईंधन डंप नहीं करने की अपील

अधिकारियों ने बताया कि कुछ लोग गैलन और डिब्बों में डीजल-पेट्रोल जमा कर रहे हैं, जो सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक भी है। लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भंडारण से बचें। डीएम प्रियंका निरंजन ने कहा कि जिले में डीजल-पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। अफवाहों के कारण लोग अनावश्यक रूप से परेशान हो रहे हैं। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और निगरानी जारी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

शहर में कपूर फिलिंग स्टेशन पर उमड़ी उपभोक्ताओं की भीड़ व इटियाथोक में डीजल-पेट्रोल के लिए जरीके

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें