गोंडा। कोरोना टीकाकरण के तहत गुरुवार को जिले में 16 अस्पतालों में फ्रंटलाइन वर्करों को टीका लगाया गया। इसके लिए 23 सत्र आयोजित किए गए थे। जिसमें पंचायत राज विभाग व राजस्व विभाग समेत अन्य विभागों के फ्रंट लाइन कर्मचारी शामिल हुए।
जिले के इटियाथोक ब्लॉक में तैनात पंचायती राज विभाग के 102 फ्रंटलाइन वर्करों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोरोनारोधी टीका लगाया गया। सीएचसी प्रभारी डॉ. स्वेता त्रिपाठी ने बताया कि गुरुवार को ब्लॉक में तैनात पंचायती राज विभाग के फ्रंट लाइन वर्कर्स, सफाई कर्मचारी, सचिव व एडीओ पंचायत को कोरोनारोधी टीका लगाया गया।
उन्होंने बताया कि इसके पूर्व यहां टीकाकरण में इटियाथोक ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी पन्नालाल, सचिव राकेश तिवारी, विनय शुक्ल, चंदन तिवारी, माहेश्वरी पांडेय, रामधीरज, विजय वर्मा, सुधीर दुबे, धर्मपाल सहित कई कर्मचारियों ने टीका लगवाया। उधर सीएचसी वजीरगंज में 64 पंचायत कर्मियों को टीके लगाए गए। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आशुतोष शुक्ल ने बताया कि जितनी उम्मीद थी उससे कम कर्मचारी टीका लगवाने आए। कर्मचारियों के न आने की सूचना बीडीओ को भेजी जाएगी।