गोंडा। रोडवेज बस अड्डे पर सोमवार को परिचालकों ने शातिर जालसाज की पकड़ लिया। इसके बाद उसकी पिटाई करके पुलिस को सौंप दिया। आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस, फर्जी चेक व मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस ने रोडवेज परिचालक अवधेश कुमार सिंह की तहरीर पर जानकीनगर निवासी आरोपी राजन श्रीवास्तव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप लगाया कि जालसाज राजन अपनी मजबूरी बताकर रोडवेज परिचालकों से चेक के बदले में कैश ले चुका है। परिचालकों ने चेक बैंक में लगाया तो फर्जी होने की जानकारी मिली। सोमवार को रणजीत प्रजापति, सत्य प्रकाश यादव और शिवाकांत ने रोक लिया। इसके बाद डिग्गी की तलाशी ली तो तमंचा, खोखा, फर्जी चेक और तीन मोबाइल फोन बरामद होने के बाद रोडवेज चौकी पुलिस के हवाले किया। चौकी प्रभारी डीपी गौतम ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।