रामपुर गांव में शनिवार की देर शाम असली नोट के दो गुना करने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के तीन लोगों को पुलिस ने छापामारी करके गिरफ्तार किया है।
जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने 1.33 लाख रुपये के असली नोट, केमिकल, नोट के आकार के सादे कागज, परखनली, डाई व सोडियम टिंचर बरामद किया है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ थाना वजीरगंज में चार लोगों के खिलाफ जालसाजी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थानाध्यक्ष वजीरगंज अवधेशराज सिंह ने बताया कि बलरामपुर जनपद के रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के बजहा रुदौली बुजुर्ग गांव के रहने वाले साधू प्रसाद वर्मा ने 12 सितंबर को पुलिस को खबर दी कि थाना क्षेत्र के रामपुर पूरे डाढू गांव का रहने वाला दुखहरन सिंह असली नोट के बदले दोगुना नोट देने का झांसा देकर 1 लाख 10 हजार ले लिया। जब उसने दोगुना नोट मांगे तो दुखहरन उसे टरकाता रहा। बाद में जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।
एसओ ने बताया कि इसी सूचना पर दुखहरन के घर पर छापा मारकर समरथ सिंह निवासी रामपुर, बहादुर निवासी पूरे डाढू, होलीराम चौहान निवासी विशुन तिवारी पुरवा थाना तरबगंज को गिरफ्तार कर लिया गया।
मौके पर 1 लाख 33 हजार रुपये के असली नोट, 43 परखनली, 12 आयोडीन ट्रिनचर, 2 डिब्बा सोडियम, 13 जोड़ा शीशा डाई 76 नोट साइज के कागज, गैस सिलेंडर व 20 रुपये के 15 नोट पानी में भिगोये हुए बरामद हुए।
इसके साथ ही पांच बाइक भी बरामद हुई है। एसओ के मुताबिक मुख्य आरोपी दुखहरन सिंह मौके से भाग गया। एसओ ने बताया कि दुखहरन लोगों को दोगुना नोट देने का झांसा देकर ठगी करता था।
उन्होंने बताया कि दुखहरन पहले भी लखनऊ व सिद्धार्थ नगर में ठगी के आरोप में पकड़ा जा चुका है। एसओ ने बताया कि साधू प्रसाद की भूमिका की जांच की जा रही है। इस मामले में दुखहरन सिंह, समरथ सिंह, बहादुर, होलीराम चौहान के खिलाफ थाना वजीरगंज में जालसाजी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।