कटरा बाजार (गोंडा)। बेसिक शिक्षा विभाग में चपरासी की नौकरी दिलाने के नाम पर करीब 36 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। छह लोगों से मोटी रकम वसूलने के आरोप में विभाग के पूर्व लेखाकार के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कटरा बाजार के वार्ड नंबर 3, चरेरा दिनईपुरवा निवासी अरुण कुमार पांडेय ने तहरीर में बताया कि तीन वर्ष पूर्व बेसिक शिक्षा विभाग के पूर्व लेखाकार स्वयं प्रकाश शुक्ल, जो रघुकुल विद्यापीठ स्कूल के पास सिविल लाइन में रहते हैं, ने उनसे चपरासी की नौकरी दिलाने के नाम पर 6 लाख रुपये लिए। न तो नौकरी मिली, न ही रकम वापस की गई। इसके अलावा करनैलगंज के कंजेमऊ निवासी राम नेवाज से 6.10 लाख रुपये, तिलका दूबे पुरवा निवासी राम आसरे से 6 लाख रुपये, गंगा प्रसाद से 6.10 लाख रुपये, तिलका के राजेश शुक्ल से 7 लाख रुपये, गंडाही निवासी भूपेश चंद्र से 5 लाख रुपये की ठगी हुई। जब पीड़ितों ने रकम वापस मांगी तो उन्हें फर्जी चेक दे दिए गए, जो बाउंस हो गए।
इंस्पेक्टर राजेश सिंह ने बताया कि नौकरी दिलाने के नाम पर छह लोगों से कुल ₹36.20 लाख की ठगी की गई है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।