गोंडा। खाड़ी देश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक कंपनी के संचालक ने 25 युवकों से 14 लाख रुपये ठग लिए और फरार हो गया। कंपनी के ऑफिस पर ताला लटकता देख युवकों को ठगी की जानकारी हुई। शनिवार को पीड़ित युवकों ने अपर पुलिस अधीक्षक से मिलकर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। एएसपी ने इटियाथोक पुलिस को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
इटियाथोक थाना क्षेत्र के लखनीपुर गांव के रहने वाले मोहम्मद रईस के मुताबिक इसी थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने गांव में ही एक कंपनी खोली थी। उसने क्षेत्र के बेरोजगार युवकों को खाड़ी देश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर आवेदन लिया था। आवेदन के बाद युवकों से वीजा दिलाने के नाम पर उनसे 55-55 हजार रुपये जमा करा लिए। रुपये लेने के बाद उसने एक दो लोगों को फर्जी वीजा भी थमा दिया। अन्य युवकों ने जब वीजा के लिए दवाब बनाया तो वह कंपनी के दफ्तर पर ताला लगाकर फरार हो गया। दफ्तर पर ताला देख जब आवेदन करने वाले युवकों ने कंपनी के संचालक से मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की तो उसका मोबाइल भी बंद मिला। युवकों को ठगी की जानकारी हुई।
जालसाजी के शिकार हुए युवक शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। युवकों ने अपर पुलिस अधीक्षक ने मिलकर कंपनी के संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। पीड़ित युवकों में सिराज अहमद, मो. रिजवान, अब्दुल वाहिद, मो. रईस बाबू हसन, हीरालाल, अलाउद्गीन, दीपक कुमार व भरत लाल ने बताया कि उस्मान ने 25 लोगों से 55 हजार रुपये के हिसाब से 14 लाख रुपये वसूल लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच इटियाथोक पुलिस को सौंपी गई है। मामले जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।