नवाबगंज/गोंडा। डेवलपर कंपनी के जरिये जल्द अमीर बनाने का झांसा देकर जमीन का एग्रीमेंट कराने, धमकाने और फसल नुकसान के मामले में पीड़ित ने बिहार निवासी एक दंपती पर नवाबगंज थाने में केस दर्ज कराया है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम वजीराबाद महेशपुर निवासी राजू ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें बताया कि अयोध्या के महंथ परशुराम दास के माध्यम से उसकी मुलाकात मधु कुमारी व उसके पति नवीन कुमार से हुई है। मधु व नवीन नोएडा सेक्टर-119 में आम्रपाली प्लेटिनम में रहते हैं और मूलरूप से बिहार के रहने वाले हैं। दंपती ने कहा कि उनकी कंपनी बिल्डिंग डेवलपमेंट का कार्य करती हैं। दंपती ने जल्द अमीर बनने का लालच देते हुए कंपनी में पार्टनर बनने का प्रस्ताव दिया। कहा कि राम नगरी के पास स्थित उसकी जमीन में अपार्टमेंट, काॅमर्शियल शाॅप, स्कूल आदि का निर्माण किया जाएगा। इससे दोनों का फायदा होगा।
इसी प्रस्ताव पर विश्वास करके 23 फरवरी 2021 को 50-50 फीसदी हिस्सेदारी के आधार पर एक एग्रीमेंट किया और कंपनी का नाम एरोटेक रामा डेवलपर्स रखा। इसमें मधु व नवीन कुमार डायरेक्टर बन गए। कंपनी का पार्टनर होने के कारण उसने अपने जमीन से संबंधित अभिलेख उन्हें दे दिए। बाद में पता चला कि उनका उद्देश्य जमीन के नाम पर उगाही करना था। इसीलिए बैंक खाता आदि की जानकारी उसे नहीं दी गई।
जानकारी मांगने पर दोनों भड़क गए और जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि यह जमीन अब कंपनी की है। आरोपी दंपती ने फसलों को नुकसान पहुंचाया। यह भी पता चला कि दंपती लालच और धोखा देकर भोले-भाले लोगों से जमीन का एग्रीमेंट करा लेते हैं और उगाही करते हैं। नवीन के खिलाफ कई केस भी दर्ज हैं। अदालत के आदेश पर मंगलवार रात में दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर नवाबगंज थाने की पुलिस ने विवेचना शुरु कर दी है।