सोहेलवा सेंचुरी की बर्बादी को न रोक पाने वाले डीएफओ समेत चार लोगों को वन राज्यमंत्री की शिकायत पर शासन ने सस्पेंड कर दिया है। जिले के वन क्षेत्र में हो रही हरे पेड़ों की अवैध कटान व बालू के अवैध खनन को शासन ने गंभीरता से लिया है।
बीते दिन वन राज्यमंत्री फरीद महमूद किदवई जिले के दौरे पर आए थे। लोगों की शिकायत पर मंत्री ने सोहेलवा सेंचुरी के बरहवा रेंज का औचक निरीक्षण किया था। पत्रकार वार्ता के दौरान मंत्री ने सेंचुरी क्षेत्र में हो रही जंगल के बेशकीमती पेड़ो की अवैध कटान तथा बालू के अवैैध खनन को स्वीकारते हुए कहा था कि विभाग के जिम्मेदार अफसरों को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा था कि वह मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से मिलकर करेंगे। कार्रवाई के बारे में पूछने पर उन्होंने यह भी कहा था कि शीघ्र ही जिले के लोगों को कार्रवाई की जानकारी मिल जाएगी।
मंगलवार को मुख्य वन संरक्षक के थामस ने बताया कि अवैध कटान के आरोप में डीएफओ एसएस श्रीवास्तव के साथ-साथ रेंजर एमके सिंह चौहान, फारेस्टर सुभाग चौधरी तथा वन रक्षक मुन्ना लाल वर्मा को शासन ने सस्पेंड कर दिया है।