गोंडा। कोरोना संक्रमण के नए मामलों में कमी जरूर आई है, लेकिन महीनों से चला आ रहा संक्रमितों के मरने का सिलसिला नहीं थम रहा है। शुक्रवार को भी अस्पतालों में भर्ती चार कोरोना संक्रमितों की इलाज के दौरान मौत हो गई तथा 16 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए।
कोरोना संक्रमण के नए मामलों में कमी आने से स्वास्थ्य विभाग के साथ अन्य लोगों ने राहत की सांस जरुर लिया है लेकिन हर रोज कई कोरोना संक्रमितों की मौत चिंता का विषय बना है।
शुक्रवार को आई रिपोर्ट के अनुसार चार लोगों की कोरोना संक्रमण के इलाज के दौरान मौत की पुष्टि हुई है। अभी तक जिले में 236 लोग कोरोना से जान गंवा चुके हैं, जिसमें से दूसरी लहर में 166 लोगों की जान गई है।
शुक्रवार को 16 लोग कोरोना संक्रमित पाए गये, जिसके साथ ही सक्रिए कोरोना संक्रमितों की संख्या 168 हो गई है। जिसमें 145 लोग लोग अस्पतालों में भर्ती हैं तथा 23 संक्रमित होम आइसोलेशन में हैं।
कोरोना संक्रमण से ग्रसित गंभीर रुप से बीमार जिले के 13 लोग लखनऊ व कानपुर के कोविड लेवल थ्री के अस्पतालों मे भर्ती हैं। जिसमें लखनऊ के केजीएमयू में 8 लोगों,राम मनोहर लोहिया अस्पताल में 3 लोगों एबीवी में 1 तथा कानपुर में एक मरीज का इलाज चल रहा है। वहीं जिले के लेवल वन में 3 मरीज,लेवल टू में 34 मरीज भर्ती हैं।