गोंडा। बदलते समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और तकनीकी शिक्षा का महत्व तेजी से बढ़ रहा है। इसके दृष्टिगत ही शहर के एलबीएस महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं के बेहतर भविष्य और रोजगार के बढ़ते अवसरों को ध्यान में रखते हुए चार नए पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी है। महाविद्यालय प्रबंध समिति की बैठक में बीएससी एआई, डिप्लोमा इन टूरिज्म, एमसीए (मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन) और इंटीग्रेटेड एलएलबी कोर्स शुरू करने के प्रस्ताव पर सहमति बनी है।
इन कोर्सों के जरिए छात्रों को पारंपरिक शिक्षा के साथ आधुनिक और रोजगारपरक ज्ञान प्रदान किया जाएगा। प्रबंध समिति उपाध्यक्ष वर्षा सिंह ने बताया कि महाविद्यालय में बीएससी एआई, डिप्लोमा इन टूरिज्म, एमसीए और इंटीग्रेटेड एलएलबी कोर्स शुरू करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इन सभी कोर्सों का उद्देश्य छात्रों को सीधे रोजगार से जोड़ना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इसके तहत बीएससी एआई कोर्स छात्र-छात्राओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में विशेषज्ञ बनाएगा। इससे वह डेटा एनालिस्ट, जूनियर एआई इंजीनियर और सॉफ्टवेयर इंजीनियर जैसे पदों पर कॅरिअर शुरू कर सकते हैं। इसके साथ ही एमसीए कोर्स भी आईटी सेक्टर में उच्च स्तरीय अवसर प्रदान करेगा, जिससे छात्र बेहतर पैकेज वाली नौकरियों के लिए तैयार हो सकेंगे।
पर्यटन व विधि में भी मजबूत संभावनाएं
अयोध्या में तेजी से बढ़ रहे धार्मिक पर्यटन को देखते हुए डिप्लोमा इन टूरिज्म कोर्स की शुरुआत अहम मानी जा रही है। इससे छात्र टूर गाइड, ट्रैवल मैनेजर और होटल इंडस्ट्री में रोजगार पा सकेंगे। वहीं इंटीग्रेटेड एलएलबी कोर्स विद्यार्थियों को कानून की पढ़ाई के जरिए न्यायिक सेवाओं, वकालत और कॉर्पोरेट क्षेत्र में कॅरिअर बनाने का अवसर देगा। इन कोर्सों के शुरू होने से जिले के छात्रों को बड़े शहरों की ओर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।