गोंडा। घने कोहरे के कारण जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में गुरुवार को चार लोगों की मौत हो गई। गोंडा-बहराइच मार्ग स्थित सोनापार गन्ना क्रय केंद्र के पास गुरुवार की सुबह एक एंबुलेंस ने टैंपो में टक्कर मार दी।
इससे टैंपो में सवार सास और बहू की मौत हो गई। वहीं सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर अयोध्या हाईवे स्थित राम नगर चौराहे के पास बाइक में ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई वहीं महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। सभी को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
इटियाथोक थाना क्षेत्र के सिरहना सोनापार गांव निवासी मुन्नी देवी (35) अपनी सास गीता देवी (50) व पुत्र विष्णु के साथ टैंपो से गोंडा जा रही थी। इस दौरान टैंपो पर देवरानी सरस्वती (40) पत्नी उमेश पांडेय और कौड़िया थाना के रामापुर गांव निवासी शमशाद, उसरैना गांव निवासी रमेश कुमार गौतम (30) भी सवार थे।
गोंडा-बहराइच मार्ग स्थित सोनापार गन्ना क्रय केंद्र के पास सुबह घने कोहरे के चलते एक एंबुलेंस ने पीछे से टैंपो में टक्कर मार दी। इससे टैंपो पलट गया। मौके पर ही मुन्नी देवी की मौत हो गई। वहीं जिला अस्पताल में इलाज के दौरान गीता की भी मौत हो गई। हादसे की सूचना से घर में कोहराम मच गया।
दूसरी घटना अयोध्या हाईवे स्थित राम नगर चौराहे के पास हुई। वजीरगंज थाना क्षेत्र के बल्हाराई नगवा गांव निवासी हरिपाल (32) अपनी पत्नी शीलू और पुत्र ऋषभ (तीन) के साथ एक ही बाइक से घर जा रहे थे। राम नगर चौराहे के पास देर रात में एक ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में हरिपाल और ऋषभ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शीलू गंभीर रूप से घायल हो गई। इस पर उसको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सभी बुधई पुरवा गांव में एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए गए थे। यहीं से वापस जाते समय हादसा हो गया। दुर्घटना की खबर सुनते ही घर में मातम छा गया। वहीं बुधवार की रात गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर रेलवे ओवर ब्रिज पर एक साइकिल सवार को ट्रक ने टक्कर मार दी इससे साइकिल सवार घायल हो गया। इस पर उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।