गोंडा। आरक्षी नागरिक पुलिस सीधी भर्ती-2025 के तहत रिजर्व पुलिस लाइन में चल रही अभिलेखों की जांच और शारीरिक मानक परीक्षण में सोमवार को निर्धारित 70 महिला अभ्यर्थियों में से चार अनुपस्थित रहीं, जबकि दो को अयोग्य घोषित कर दिया गया।
एसपी विनीत जायसवाल ने भर्ती प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने प्रवेश द्वार, बायोमीट्रिक स्थल और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था जांची और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्धारित नियमों के अनुसार अभिलेखों की जांच और शारीरिक मानक परीक्षण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने तथा किसी भी तरह की अनियमितता न होने देने के लिए सतर्क रहने को कहा। एसपी ने अभ्यर्थियों से बातचीत कर उनकी कुशलता भी जानी। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की अनियमितता सामने आए तो तत्काल शिकायत करें। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के आधार पर चयनित 850 अर्ह अभ्यर्थियों के अभिलेखों की जांच और शारीरिक मानक परीक्षण गोंडा में 17 से 31 अगस्त तक कराया जा रहा है।