परसपुर। मारपीट के बाद इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैर इरादतन हत्या के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त फरसा, लोहे की छड़ व दो डंडे बरामद हुए हैं।
थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि रेक्सड़िया चैनपुरवा में एक अप्रैल को मारपीट हो गई थी। इसमें दोनों तरफ से एफआईआर दर्ज की गई थी। मारपीट में घायल 56 वर्षीय बुधई कश्यप की बृहस्पतिवार को केजीएमयू लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृत्यु के बाद मामले में गैर इरादतन हत्या की धाराएं बढ़ाई गईं। इस मामले में शनिवार को शाहपुर चौकी इंचार्ज अंकित सिंह की टीम ने ग्राम रेक्सड़िया चैनपुरवा निवासी अंगद कश्यप (19), सहजराम (45), ज्योति (18) व बिट्टू (40) को नरायनपुर ललक स्थित एक घर से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए। (संवाद)