गोंडा में सड़क हादसे में पूर्व प्रधान और किसान की मौत हो गई। जबकि, किसान का बेटा घायल है। इलाज कराने मेडिकल कॉलेज जा रहे थे, रास्ते में हादसा हो गया। आगे पढ़ें पूरी खबर...
यूपी के गोंडा में सड़क हादसे में घायल पूर्व ग्राम प्रधान व किसान की मौत हो गई। जबकि, एक युवक घायल है। उसका इलाज चल रहा है। हादसा लखनऊ-गोंडा मार्ग पर माधवपुर चकत्ता गांव के पास मंगलवार शाम को हुआ था। खबर मिली तो घर में चीख पुकार मच गई।
विज्ञापन
परसपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत मधईपुर कुर्मी के कुर्मिन पुरवा निवासी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि उनके पिता आदित्य प्रसाद वर्मा (75) गांव के पूर्व प्रधान थे। इन दिनों वह बीमार चल रहे थे। मंगलवार को बाइक से गांव निवासी किसान राजेंद्र कश्यप (55) व उनके बेटे जय सिंह के साथ इलाज कराने मेडिकल कॉलेज जा रहे थे। बाइक जय सिंह चला रहे थे। माधवपुर चकत्ता गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हदसे में तीनों लोग घायल हो गए थे।
राजेंद्र ने उसी दिन तोड़ दिया था दम
आसपास के लोगों ने एंबुलेंस से उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर आदित्य प्रसाद वर्मा व राजेंद्र को लखनऊ के केजीएमयू के लिए रेफर कर दिया गया। वहां राजेंद्र कश्यप की मंगलवार देर रात ही मौत हो गई।
सुनील ने बताया कि बेहतर इलाज के लिए आदित्य प्रसाद वर्मा को लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बुधवार को आदित्य ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जय सिंह हेलमेट लगाए थे, इसलिए वह बच गए। देहात कोतवाल शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी नहीं मिली है। न ही किसी ने तहरीर दी है।
परिवार में टूटा दुखों का पहाड़
मृतक पूर्व ग्राम प्रधान के छोटे बेटे सुनील वर्मा ने बताया कि उनके बेटे अंकित की अक्तूबर 2025 में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। परिवार में लगभग छह माह में दो-दो लोगों की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बेटे की मौत के गम से अभी उबर भी नहीं पाए थे कि पिता की मौत हो गई।
विज्ञापन
सुनील ने बताया कि वह दो भाई हैं। बड़े भाई उमा शंकर कानपुर के एक कॉलेज में नौकरी करते हैं। वह गांव में रहकर खेती करते हैं। पहले पौत्र अंकित और अब पति की मौत से मां राजपति का रो रो-रोकर बुरा हाल है। राजेंद्र गांव में ही रहकर खेती व मजदूरी करते थे। परिवार में पत्नी ऊषा, बेटी रोशनी व तीन बेटे पप्पू लाल, गोविंद व जय सिंह हैं।