गोंडा। कैसरगंज के पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह और गोंडा सदर से भाजपा विधायक प्रतीक भूषण सिंह को मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी मिली है। मामले में नगर कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शुरुआती जांच में कॉल करने वाला व्यक्ति राजस्थान का निवासी मिला है, जिसे मानसिक रूप से बीमार बताया जा रहा है। विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक, 14 जून को दोपहर करीब 2:22 बजे विधायक प्रतीक भूषण सिंह के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने कहा कि उसने विधायक और उनके पिता, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह की हत्या कराने का इंतजाम कर लिया है। उसने यह भी कहा कि यदि वे खुद को बचा सकते हैं तो बचा लें।
धमकी मिलने के बाद विधायक ने तुरंत पुलिस अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने फोन नंबर की जांच शुरू की। जांच में पता चला कि यह नंबर राजस्थान के अलवर जिले के मांडावार थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-6, माजरी भंडा निवासी संदीप शर्मा के नाम से जुड़ा है।
तहरीर में कहा गया है कि विधायक और उनका परिवार पहले भी कई बार आपराधिक तत्वों के निशाने पर रहा है। ऐसे में इस तरह की धमकी को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। विधायक प्रतिनिधि ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
नगर कोतवाल विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच के लिए पुलिस टीम राजस्थान भेजी गई है। सीओ सिटी आनंद राय ने बताया कि शुरुआती जांच में आरोपी मानसिक रूप से बीमार पाया गया है। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
अलवर पहुंची पुलिस, मोबाइल जब्त कर जांच में जुटी
गोंडा। कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और गोंडा सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह को मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। गोंडा पुलिस ने राजस्थान के अलवर जिले पहुंचकर राजस्थान पुलिस की मदद से आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
मोबाइल की फोरेंसिक और तकनीकी जांच के साथ कॉल डिटेल रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने अब तक किन-किन लोगों को फोन किया और धमकी देने के पीछे उसका उद्देश्य क्या था।सीओ सिटी आनंद राय ने बताया कि आरोपी का मोबाइल जब्त कर लिया गया है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। तकनीकी जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई तय होगी।
मामले की जांच के लिए अलवर पहुंची गोंडा पुलिस टीम ने मांडावार थाना पुलिस से संपर्क किया। स्थानीय पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी संदीप शर्मा मानसिक रूप से बीमार है और उसका उपचार जयपुर स्थित एसएमएस अस्पताल में चल रहा है। गोंडा पुलिस उसकी बीमारी और उपचार से जुड़े दस्तावेज भी जुटा रही है, ताकि मामले की सभी परिस्थितियों का सत्यापन किया जा सके।
कई राज्यों के जनप्रतिनिधियों को दे चुका है धमकी
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी गूगल सर्च के जरिए मोबाइल नंबर हासिल कर विभिन्न राज्यों के विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों को धमकी भरे फोन कर चुका है। मांडावार पुलिस ने गोंडा पुलिस को बताया कि इसी तरह की शिकायतों की जांच के लिए कई राज्यों की पुलिस टीमें पूर्व में भी वहां पहुंच चुकी हैं।
बृजभूषण सिंह।