गोंडा। पिता, मां व भाई के लिए वोट मांगने के बाद पहली बार अपने लिए जनसमर्थन जुटाने निकले कैसरगंज प्रत्याशी करण भूषण सिंह को क्षेत्र में खूब दुलार मिला। जगह-जगह उनके काफिले पर फूलों की वर्षा हुई। स्थानीय विधायकों व ब्लॉक प्रमुखों ने माला पहनाकर उन्हें जीत का आशीर्वाद दिया। कैसरगंज से भाजपा प्रत्याशी करण भूषण सिंह शनिवार सुबह विश्नोहपुर स्थित आवास से निकलकर तरबगंज बाजार पहुंचे। जहां विधायक प्रेमनरायन पांडेय ने उनका स्वागत किया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख मनोज पांडेय व राजेंद्र प्रताप सिंह, जिपंस विनोद पांडेय, राजू सिंह तथा नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश पांडेय आदि मौजूद रहे। फिर बेलसर चौराहे पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गोलू सिंह की अगुवाई में स्वागत किया गया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य रवींद्र पांडेय, अजीत सिंह, मोनू सिंह आदि मौजूद रहे।
परसपुर में विधायक अजय सिंह के कार्यालय पर करण के काफिले का स्वागत किया गया। विधायक ने करण भूषण को रिकार्ड मतों से जिताने की अपील की। इस अवसर पर वासुदेव सिंह, संदीप सिंह, ताज मोहम्मद, विश्वनाथ सिंह आदि मौजूद रहे। करनैलगंज के बाद उन्होंने बहराइच के जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय व अन्य लोगों से मुलाकात कर अपने लिए समर्थन जुटाने की अपील की।
करण भूषण सिंह का काफिला करनैलगंज पहुंचने पर सपा के करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष गणेश पांडेय ने स्वागत कर सबको चौंका दिया। गणेश सपा के पूर्व मंत्री के बेहद करीबी माने जाते हैं। उन्होंने सपा का दामन छोड़कर भाजपा की मदद करने का एलान किया।