क्षेत्र पंचायत (ब्लॉक) प्रमुख के चुनाव का इंतजार अब सोमवार को नई अधिसूचना जारी किये जाने से खत्म हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने सोमवार को जिले के मुजेहना क्षेत्र प्रमुख पद को छोड़कर जिले के 15 क्षेत्र प्रमुख पदों के चुनाव के लिए रणभेरी बजा दी है। पांच फरवरी को नामांकन व सात फरवरी को मतदान होगा। सात फरवरी को ही शाम तक नतीजे घोषित कर दिये जाएंगे।
जिले में कुल 16 क्षेत्र पंचायतें हैं। जिसमें से मुजेहना ब्लॉक को छोड़ कर झंझरी, रुपईडीह, पंडरी कृपाल, इटियाथोक, मनकापुर, छपिया, बभनजोत, तरबगंज, वजीरगंज, बेलसर, नवाबगंज, करनैलगंज, कटराबाजार, हलधरमऊ, परसपुर ब्लॉक के प्रमुख पद के लिए चुनाव होना है।
राज्य निर्वाचन आयोग के आयुक्त एसके अग्रवाल ने 18 जनवरी को चुनाव कराने के लिए अधिसूचना जारी कर दी। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने चुनाव सुरक्षा व्यवस्था के बीच निष्पक्ष कराने के लिए जिला मजिस्ट्रेट/ जिला निर्वाचन अधिकारी को जरूरी निर्देश दिये हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ब्लॉकवार आरक्षण का विवरण देने के साथ जिले में एक फरवरी को अधिसूचना जारी करेंगे। उन्हें इसकी सूचना जिला पंचायत कार्यालय, क्षेत्र पंचायत प्रमुख कार्यालय, जिला मुख्यालय, तहसील कार्यालय में इसकी सार्वजनिक सूचना चस्पा कराने का आदेश दिया है।
ब्लॉक मुख्यालयों पर ही चुनाव कार्यक्रम कराए जाएंगे। चुनाव में क्षेत्र पंचायत सदस्य ब्लॉक पर प्रमुख पद के चुनाव में गुप्त मतदान करेंगे।
आयोग की ओर से घोषित चुनाव कार्यक्रम
* नामांकन- 5 फरवरी, 11 से 3 बजे तक।
* जांच - 5 फरवरी, 03 बजे से कार्य समाप्ति तक।
* उम्मीदवारी वापसी- 6 फरवरी, 11 से 03 बजे तक ।
* मतदान - 7 फरवरी, 11 से 3 बजे तक।
* मतगणना- 7 फरवरी, 3 बजे से कार्य समाप्ति तक।