गोंडा। कोरोना वायरस के संक्रमण से जिल में गांवों से अधिक शहर के लोग परेशान हैं। आबादी घनी होने के साथ ही लोगों की लापरवाही भी अब भारी पड़ रही है। गुरुवार को जिले के वजीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के अंतर्गत मझारा गांव में जांच के दौराना पांच लोग कोरोना संक्रमित पाये गये हैं। बताया जा रहा है कि इसमें एक डेढ़ साल का बच्चा भी शामिल है। आंकड़ों के मुताबिक बच्चों की रिकवरी दर जिले में सबसे अच्छी है।
बता दें कि इससे पूर्व भी करीब दो दर्जन से अधिक बच्चे कोरोना को मात देकर ठीक हो चुके हैं। पूर्व डेढ़ महीने का बच्चा भी कोरोना संक्रमित पाया गया था। लेकिन कुछ दिन अस्पताल में आइसोलशन में रहने के बाद वो कोरोना निगेटिव हो गया और घर लौट गया। वजीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर गुरुवार को कुल 161 कोरोना जांचें हुईं। जिसमें डेढ़ वर्ष से लेकर 48 वर्ष तक के 5 लोग पॉजिटिव पाए गये। अधीक्षक सीएचसी डॉ. आशुतोष शुक्ल ने बताया कि एलटी अरुण नायर की टीम ने रैपिड एंटीजेन किट से 101 व आरटीपीसीआर विधि से 60 जांचें की। जिसमें क्षेत्र के मंझारा के पांच लोग पॉजिटिव पाए गये। जिनमें डेढ़ वर्ष व चार वर्ष के बालक, 26 वर्ष का एक युवक, 22 व 48 वर्ष की महिलाएं पॉजिटिव मिलीं। सभी को होम आइसोलेट किया गया है। बुधवार को भी मंझारा के ही दो युवक पॉजिटिव पाए गये थे।
मनकापुर में दो जगहों पर लगा जांच शिविर
गुरुवार को मनकापुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर और नरेंद्रपुर खजुरी गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर लगाकर रैपिड एंटीजन टेस्ट किट से लोगों में कोरोना की जांच की। इस दौरान टीमों द्वारा 121 लोगों की जांच की गयी, इसमें एक व्यक्ति में कोविड-19 की पुष्टि हुई। जिसे किट के साथ होम आइसोलेट कर दिया गया है। इसके अलावा 61 लोगों का आरटी-पीसीआर जांच हेतु सैंपल लिया गया। अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि मनकापुर सीएचसी में गठित आरआरटी (रैपिड रिस्पांस टीम) की आठ टीमें लगातार गांव-गांव शिविर लगाकर लोगों को कोरोना महामारी से निपटने के बारे में जागरूक करने के साथ ही रैपिड एंटीजन टेस्ट किट से कोरोना की जांच भी कर रहीं हैं।
डॉ. मनोज ने कहा कि एंटीजन टेस्ट में 30 मिनट के अंदर रिजल्ट मिल रहा है वहीं आरटीपीसीआर का रिजल्ट आने में 6 से 24 घंटे लग जाते हैं। तब तक तो संक्रमित व्यक्ति को पता नहीं होता कि वह पॉजिटिव है और वह कई लोगों में वायरस फैला चुका होता है। उन्होंने बताया कि ब्लॉक में अब तक कुल 5099 लोगों की जांच की गई है, जिसमें 2781 रैपिड एंटीजन टेस्ट एवं 2318 आरटी-पीसीआर शामिल है। अब तक 149 लोगों में कोविड-19 की पुष्टि हुई है, जिसमें से 109 व्यक्ति स्वस्थ हो चुके हैं।