बीते एक माह के भीतर डेंगू से पीड़ित मरीजों की संख्या 152 हो गई। जिसमें से पांच की मौत हो चुकी है। नगर क्षेत्र के साथ-साथ अब ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी डेंगू की चपेट में आने लगे हैं।
नगर के चार मोहल्ले गांधीनगर, नई बाजार, सदर बाजार, बालूगंज में डेंगू का प्रकोप है। अब ग्रामीण अंचलों में भी डेंगू ने अपना पैर पसारना प्रारंभ कर दिया है। बुधवार को कटरा शहबाजपुर गांव के हरित कुमार मिश्रा को डेंगू से पीड़ित होने की पुष्टि हुई।
वहीं मोहल्ला नई बाजार निवासी साजिया पत्नी राजू, शाहीन बानो पुत्री मोहम्मद शरीफ, अनीता व हरीश को जांच के दौरान डेंगू से पीड़ित पाया गया। जिनका इलाज नगर के विभिन्न निजी अस्पतालों में चल रहा है। इसके अलावा नरायनपुर मांझा के अंगद पुरवा, गोनवा, पिपरी, लालेमऊ, कटरा शहबाजपुर गांव में डेंगू के मरीज मिले हैं।
बीते एक माह में डेंगू से प्रभावित 152 मरीज क्षेत्र में मिल चुके हैं। जिसमें एक भी मरीज का इलाज सरकारी अस्पताल में होता नहीं मिला। अधिकांश मरीज लखनऊ के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज कराने चले गए।
सीएचसी अधीक्षक ड़ॉ. पीएन राय बताते हैं कि डेंगू के किसी मरीज की कोई सूचना नहीं है। स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन इसे गंभीरता से नहीं ले रहा है। जिससे दिन प्रति दिन डेंगू से पीड़ित होने वाले मरीजों में तेजी के साथ इजाफा हो रहा है।