गोंडा। जिस मिट्टी में पले-बढ़े और पढ़ाई कर आगे बढ़े, अब उसी मातृभूमि के लिए रुपईडीह ब्लॉक के महेशपुर निवासी राम समोखन त्रिपाठी पांच करोड़ रुपये दान करेंगे। उनकी पहल पर भवनियापुर उपाध्याय चौराहे के पास 30 बेड का स्वास्थ्य केंद्र बनाने की तैयारी है। केंद्र उनकी दिवंगत पत्नी शांति त्रिपाठी के नाम पर संचालित किया जाएगा।
79 वर्षीय राम समोखन त्रिपाठी किसान परिवार से हैं। उन्होंने खरगूपुर, बलरामपुर और लखनऊ में पढ़ाई के बाद चार्टर्ड अकाउंटेंसी की शिक्षा ली। इसके बाद इलाहाबाद बैंक में चयन हुआ। लखनऊ के हजरतगंज से नौकरी शुरू करने के बाद वर्ष 2006 में कोलकाता में बैंक के महाप्रबंधक पद से सेवानिवृत्त हुए। वर्तमान में लखनऊ में चार्टर्ड अकाउंटेंट के रूप में सेवाएं दे रहे हैं।
भरिया लबेदपुर निवासी उनके भांजे एवं सीए हरेंद्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि राम समोखन का पैतृक गांव से गहरा लगाव है। वह गांव में स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को लेकर हमेशा चिंतित रहते हैं। उनकी पत्नी शांति त्रिपाठी का वर्ष 2012 में निधन हो गया था। उनकी स्मृति में स्वास्थ्य केंद्र बनाने का प्रस्ताव दिया गया है।
पंचायतीराज निदेशक अमित कुमार सिंह ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर जिला स्वास्थ्य समिति की संस्तुति और निर्णय की प्रति के साथ आवश्यक आख्या मांगी है। सीडीओ, सीएमओ और डीपीआरओ को भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
8.33 करोड़ की होगी परियोजना
प्रभारी डीपीआरओ जीडी जैन ने बताया कि मातृभूमि योजना के तहत परियोजना में 60 प्रतिशत राशि दानदाता और 40 प्रतिशत सरकार देगी। पांच करोड़ रुपये दानदाता की ओर से दिए जाएंगे और सरकार करीब 3.33 करोड़ रुपये देगी। इस तरह परियोजना की अनुमानित लागत 8.33 करोड़ रुपये होगी। स्वास्थ्य केंद्र के लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है।
जिला स्वास्थ्य समिति लेगी निर्णय
मातृभूमि योजना के तहत प्रस्ताव जिला स्वास्थ्य समिति के समक्ष रखा जाएगा। समिति स्वास्थ्य केंद्र की जरूरत, प्रशासनिक व तकनीकी स्वीकृति, संचालन, मानव संसाधन, उपकरण, दवाओं और रखरखाव की व्यवस्था पर निर्णय करेगी। निर्माण पूरा होने के बाद केंद्र चिकित्सा विभाग को हस्तांतरित किया जाएगा।