गोंडा। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने सफल सर्जरी कर 50 वर्षीय मरीज के मूत्राशय से करीब पांच सेंटीमीटर बड़ी पथरी निकाली है। बेलसर के सिसई निवासी रामबली करीब एक साल से पेशाब में खून आने, पेशाब करते समय दर्द व जलन होने और बार-बार पेशाब आने की समस्या से परेशान थे। मेडिकल कॉलेज में हुई जांच के बाद उनके मूत्राशय में बड़ी पथरी का पता चला। चिकित्सकों ने सिस्टोलिथोटॉमी सर्जरी कर पथरी निकालकर मरीज को राहत पहुंचाई है। सर्जरी के बाद मरीज की हालत सामान्य बताई जा रही है।
मेडिकल कॉलेज के सहायक आचार्य व वरिष्ठ सर्जन डॉ. डीएन सिंह ने बताया कि रामबली लंबे समय से पेशाब संबंधी समस्या से जूझ रहे थे। लगातार परेशानी के बावजूद उन्होंने समय पर इसका इलाज नहीं कराया, जिससे मूत्राशय में पथरी का आकार काफी बढ़ गया। जांच के दौरान करीब पांच सेंटीमीटर की पथरी मिलने के बाद ऑपरेशन का निर्णय लिया गया। सर्जरी के दौरान उनके साथ टीम में डॉ. आतिफ मोहम्मद, डॉ. देवेश शुक्ला और डॉ. शैरॉन शामिल रहे।
पेशाब में खून आने या दर्द को न करें नजरअंदाज
डॉ. डीएन सिंह ने बताया कि पेशाब में खून आना, जलन या दर्द होना, बार-बार पेशाब लगना, पेट के निचले हिस्से या कमर में दर्द और पेशाब का रुक-रुक कर आना मूत्राशय की पथरी के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। इन लक्षणों को लंबे समय तक नजरअंदाज करने पर पथरी का आकार बढ़ने के साथ संक्रमण, मूत्र अवरोध और गुर्दों को नुकसान जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं। यही नहीं, ट्यूमर व कैंसर का भी खतरा होता है। पेशाब संबंधी किसी भी तरह की असामान्यता होने पर चिकित्सकीय परामर्श लेकर समय पर जांच कराएं।