गोंडा। जिले के राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में बृहस्पतिवार से पहले चरण के दाखिले शुरू होंगे। पहले चरण में चयनित अभ्यर्थी चार सितंबर तक प्रवेश ले सकेंगे। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए नोडल आईटीआई गोंडा, मनकापुर समेत अन्य संस्थानों में अलग काउंटर और हेल्पडेस्क बनाए गए हैं।
नोडल आईटीआई के प्रधानाचार्य राम सिंह ने बताया कि जिले में चार राजकीय और 14 निजी आईटीआई संचालित हैं। इनमें राजकीय आईटीआई में 1768 और निजी संस्थानों में 1336 सीटें हैं। कुल 3104 सीटों के लिए पहले चरण में 7610 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। चयनित अभ्यर्थी परिषद की वेबसाइट पर पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि दर्ज कर अपना परिणाम देख सकेंगे।
चयन होने पर बुलावा पत्र डाउनलोड कर संबंधित संस्थान में जमा करना होगा। अभ्यर्थियों को मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से भी चयन की सूचना भेजी जा रही है। जिनका चयन नहीं हुआ है, उनकी रैंक प्रदर्शित की जाएगी और उन्हें अगले चरण का इंतजार करना होगा।
ये दस्तावेज लाना जरूरी
प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र, सभी मूल प्रमाणपत्र, उनकी एक-एक प्रमाणित प्रति और दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लानी होंगी। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। सीट अपग्रेडेशन के इच्छुक अभ्यर्थियों को फ्रीज या फ्लोट विकल्प चुनना होगा। प्रवेश से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पडेस्क नंबर 0522-4150500 और 7897992063 पर संपर्क किया जा सकता है।