गोंडा। पूरे मोहन गांव में भूमि पर कब्जे को लेकर दो पक्ष के लोग बुधवार की दोपहर बाद आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में जमकर बवाल हुआ। दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग हुई और जमकर ईंट पत्थर चले। हालांकि फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ।
एक घंटे तक चले बवाल के बाद मौके पर पुलिस पहुंची तब जाकर मामला शांत हुआ। मामले में दोनों पक्षों की ओर से थाना तरबगंज में तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस कहना है कि जांच के बाद एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
थाना तरबगंज क्षेत्र के पूरे मोहन गांव के रहने वाले सौरभ द्विवेदी व सोमेश पांडेय के बीच काफी दिनों से भूमि का विवाद चल रहा था। बुधवार को उसी भूमि पर कब्जे को लेकर दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों की ओर से बंदूकें व रिवाल्वर निकल आई।
दोनों ओर से फायरिंग हुई। इसी बीच दोनों पक्षों में जमकर ईंट व पत्थर चले। बवाल की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची तब जाकर मामला शांत हुआ। थानाध्यक्ष संतोष कुमार सरोज ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोनों पक्षों पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
थाना तरबगंज क्षेत्र के पूरे मोहन गांव में भूमि पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में हुई फायरिंग में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक व रिवाल्वर जब्त की जाएगी। दोनों पक्षों के आर्म्स लाइसेंस भी निरस्त किए जाएंगे।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग की सूचना के बाद दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग के प्रयुक्त लाइसेंसी असलहों को जब्त करने के थाना तरबगंज पुलिस को निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही लाइसेंसियों के लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भी थानाध्यक्ष तरबगंज संतोष कुुमार सरोज से मांगी गई है।