झंझरी (गोंडा)। देहात कोतवाली क्षेत्र के महादेवा पिपरी सागर निवासी पवन तिवारी की हत्या के मामले में जेल में बंद संतोष तिवारी के बेटे राजेश तिवारी और भाई अजय तिवारी पर शनिवार रात फायरिंग की घटना हुई है। मामले में पवन तिवारी के चाचा महेश्वरी तिवारी व गांव के ही गोलू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
देहात कोतवाल संजय कुमार सिंह ने बताया कि दो मार्च को पिपरी सागर गांव में हुई मारपीट में पवन तिवारी की मौत हो गई थी। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी संतोष तिवारी समेत अन्य को जेल भेजा गया था। घटना के बाद से संतोष समेत अन्य आरोपियों का परिवार घर छोड़कर कहींं और रह रहा था। कुछ दिन पहले संतोष व अन्य आरोपियों के परिवार अपने घर आकर रहने लगे। आरोप है कि पवन के चाचा महेश्वरी व गोलू ने शनिवार रात 10:30 बजे दहशत फैलाने के लिए फायरिंग कर दी। हालांकि महेश्वरी तिवारी के परिजनों का कहना है कि वह पवन की हत्या के मुकदमे में पैरवी कर रहे हैं। इसी वजह से उन्हें फंसाने की नियत से बेबुनियाद आरोप लगाए गए हैं। कोतवाल का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी गोलू को हिरासत में लिया गया है। महेश्वरी की तलाश की जा रही है। (संवाद)