बलरामपुर नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पहलवारा में गुरुवार को गोदाम में लगी आग से वहां रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। मोहल्ले के लोगों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। फायर विभाग का हेल्पलाइन नंबर फोन करने के बाद नहीं उठा। पीड़ितों ने नगर कोतवाली में सूचना दी।
नगर कोतवाल की सूचना पर घटना के डेढ़ घंटे बाद मौके पर दमकल कर्मी पहुंचे। क्षति का आंकलन करने के लिए पीड़ितों ने हल्का को भी सूचना दी है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पहलवारा निवासी छट्ठीलाल ने बताया कि गुरुवार की सुबह अज्ञात कारणों से उनके गोदाम में आग लग गई।
देखते ही देखते गोदाम में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। गोदाम में थोक मात्रा में उनका और उनके भाई गिरधारीलाल का भी संयुक्त रूप से सामान रखा था।
गोदाम में कई बोरा चावल, आटा, चीनी, झाड़ू कड़वा तेल सहित किराने से संबंधित सभी सामान आग की भेंट चढ़ गए। गोदाम में दोनों भाइयों का करीब 15 लाख रुपये का सामान रखा था।
मोहल्ले के लोगों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग बुझाने के लिए फायर विभाग के हेल्पलाइन नंबर पर कई बार फोन किया गया लेकिन फोन नहीं उठा।
थक-हारकर नगर कोतवाली में मदद के लिए सूचना दी गई। नगर कोतवाल मधुर मिश्रा ने फायर विभाग को सूचना दी। घटना के डेढ़ घंटे बाद मौके पर दमकल पहुंचे तब तक आग बुझ चुकी थी।
नगर पालिका परिषद बलरामपुर की अध्यक्ष इशरत जमाल ने मौके पर पहुंचकर पीड़ितों का हालचाल लिया। अध्यक्ष के निर्देश पर सफाई प्रभारी सुरेश गुप्ता मलबा उठवाने के लिए मौके पर पहुंच गए। गोदाम से जला हुआ मलबा नगर पालिका के कर्मियों ने उठाया।
दोनों भाइयों ने घटना में हुई क्षति का आंकलन करने के लिए हल्का लेखपाल कृष्ण कुमार को सूचना दी है। हल्का लेखपाल ने बताया कि सूचना मिली है। क्षति का आंकलन करके रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी जाएगी।