कटराबाजार थाना क्षेत्र के नकहा तुर्का गांव में छप्पर के घर में रविवार देर रात अज्ञात कारणों से लगी आग में एक बच्चे की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक मासूम झुलस गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है। आग से चार मवेशी भी झुलस गए। हादसे में छह हजार रुपये नगद व 40 हजार रुपये की संपत्ति जल गई।
कटराबाजार थाना क्षेत्र के सेल्हरी मंडप गांव निवासी संतराम का बेटा मुकेश (12) व गौरवा कला गांव के रहने वाले झब्बू का बेटा श्याम बाबू (5) नकहा तुर्का गांव में अपने नाना धनीराम के घर में रहते थे।
रविवार देर रात अज्ञात कारणों से धनीराम के छप्पर के घर में आग लग गई, जिसमें मुकेश जिंदा जल गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि श्याम बाबू आग की चपेट में आने से झुलस गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा बाजार में भर्ती कराया गया है।
आग की चपेट में आकर दो गाय व दो बछड़े भी झुलस गए। धनीराम के बेटे मनोज ने बताया कि उसके माता-पिता रिश्तेदारी में गए थे। आग लगने के बाद लपटें तेज हुईं तो उसकी नींद खुल गई।
वह बच्चों को घर के अंदर से उठाकर बाहर भागा, मगर तब तक आग की लपटें तेेज हो गईं, जिससे मुकेश आग में जिंदा जल गया।
सोमवार की सुबह तहसीलदार करनैलगंज महेंद्र किशोर मिश्र व सीओ करनैलगंज शबीहुल हम्द ने मौके पर पहुंचकर जांच की। तहसीलदार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
नकहा तुर्का गांव में रविवार देर रात छप्पर में लगी आग में मुकेश की मौत के मामले में एसडीएम करनैलगंज बीके सिंह ने बताया कि तहसीलदार महेंद्र किशोर मिश्र को मौके पर भेजकर जांच कराई गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आग से जलकर मौत की पुष्टि हुई तो पीड़ित परिवार को आपदा राहत कोष से डेढ़ लाख रुपये की सहायता मुहैया कराई जाएगी। एसडीएम ने बताया कि आग से पशुओं को जो नुकसान हुआ है, उसमें 30 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।