मसकनवा बाजार के मनकापुर मार्ग पर सोमवार की रात शॉर्ट सर्किट से होजरी की एक दुकान में आग लग गई, जिससे दुकान में रखे कपड़े व अन्य सामान जल गया। आग से 12 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
छपिया थाना के मसकनवा चौकी क्षेत्र के रानीजोत गांव के रहने वाले शिवपूजन गुप्ता ने बताया कि उसकी मसकनवा बाजार के मनकापुर मार्ग पर रानीजोत में होजरी की दुकान है। शिवपूजन के मुताबिक सोमवार की रात आठ बजे वह दुकान बंद करने के बाद अमवा गांव स्थित अपने पैतृक घर जा रहा था। तभी रास्ते में पड़ोस के दुकानदारों से सूचना मिली कि उसकी दुकान में आग लग गई है।
जब तक वह दुकान पर पहुंचा, तब तक आग पूरी दुकान में फैल चुकी थी। आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया, मगर आग की लपटें बढ़ती गईं। सूचना पर पहुंचे अग्रिशमन दल ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, मगर पानी खत्म हो जाने के कारण वह आग नहीं बुझा सका।
आग से दुकान में रखे होजरी के कपड़े, बैट्री, इनवर्टर समेत सभी सामान जलकर राख हो गए। मौके पर पहुंचे हलका लेखपाल शिवकुमार पांडेय ने बताया कि आग से 12 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।