झंझरी (गोंडा)। कोतवाली देहात के सालपुर सेमरा चौबे पुरवा गांव में मंगलवार देर रात बिजली की शॉर्ट सर्किट से छप्पर के घर में आग लग गई। इसी दौरान छप्पर में रखे गैस सिलिंडर में विस्फोट हो गया। ग्रामीणों व दमकल कर्मियों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया।
गांव के विनोद कुमार पांडेय व राजेश कुमार पांडेय के छप्पर में गृहस्थी का सारा सामान रखा था। देर रात शॉर्ट सर्किट से छप्पर में आग लग गई। राजेश कुमार पांडेय की मोटरसाइकिल, साइकिल, ठेला, तख्त, कूलर, पंखा व पंपिंग सेट के साथ अन्य सामान जलकर राख हो गया।
छप्पर के अंदर दो घरेलू गैस सिलिंडर रखे थे। उसमें आग पकड़ने के बाद तेज आवाज के साथ विस्फोट हो गया। जिसकी आवाज एक किलोमीटर तक लोगों को सुनाई दी। ग्रामीणों व दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। विनोद पांडेय ने बताया कि सोफा, बेड, अलमारी, बड़ा बक्सा, पंखा व अनाज आदि जलकर राख हो गया।
किराना की दुकान में लगी आग
झंझरी (गोंडा)। कोतवाली देहात के ठड़क्की पट्टी गांव निवासी नीलम पत्नी बजरंगी की किराना की दुकान बेलसर रोड स्थित धनई पट्टी गांव में है। मंगलवार रात दुकान में अचानक आग लग गई। इसमें करीब पांच लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
नीलम ने बताया कि उनकी दुकान को किसी ने जला दिया है। तहरीर कोतवाली देहात में दी गई है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।