गोंडा। धानेपुर के खम्हरिया करमडीह गांव में जमीन का इकरारनामा कर 20 लाख रुपये लेने के बाद उसी जमीन का दानपत्र दामाद के नाम कराने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
खम्हरिया करमडीह गांव निवासी 65 वर्षीय माया देवी ने गांव की रामदुलारी की जमीन का 22 लाख 50 हजार रुपये में सौदा तय किया था। इसके लिए 11 अगस्त 2021 को उपनिबंधक कार्यालय गोंडा में इकरारनामा कराया गया। माया देवी ने 20 लाख रुपये राम दुलारी व उनके पति बनवारीलाल को दिए थे।
आरोप है कि रुपये लेने के बावजूद राम दुलारी ने जमीन का बैनामा नहीं किया। कई बार कहने पर 11 फरवरी 2022 को इकरारनामे का नवीनीकरण कराया गया। इसके बाद 11 अगस्त 2022 को फिर से इकरारनामा लिखकर बैनामा करने का आश्वासन दिया गया, लेकिन जमीन का बैनामा नहीं हुआ।
माया देवी के मुताबिक, 19 अगस्त 2026 को उन्हें जानकारी हुई कि इकरारनामे की जमीन का दानपत्र 15 नवंबर 2022 को राम दुलारी ने अपने दामाद सुभाष चंद्र पांडेय के नाम कर दिया था। इसमें राम दुलारी के बेटे आलोक कुमार और माधोगंज निवासी अमित कुमार गवाह बने थे। पीड़िता ने राम दुलारी, सुभाष चंद्र पांडेय, आलोक कुमार और अमित कुमार पर साजिश कर 20 लाख रुपये हड़पने और जमीन का दानपत्र कराने का आरोप लगाया है। सीओ सिटी योगेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। कोतवाली नगर पुलिस मामले की जांच कर रही है।