मनकापुर (गोंडा)। हरदवा गांव निवासी एक दिव्यांग व्यक्ति ने गांव के ही प्रधान व सेक्रेटरी के खिलाफ मारने-पीटने और रिवॉल्वर सटाकर धमकी देने का मामला सामने आया है। दर्जनों गांव वालों ने कोतवाली के सामने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की है।
कोतवाली क्षेत्र हरदवा रुदापुर गांव निवासी दिव्यांग सुकई प्रसाद पुत्र राधेश्याम ने पुलिस को दिए तहरीर में कहा है कि वह रुदापुर गांव में सड़क के किनारे चाय की दुकान करता है। सोमवार को लगभग तीन बजे दुकान पर ग्राहकों को चाय दे रहा था और सड़क पर एक गाय खड़ी थी। इसी दौरान सेक्रेटरी श्यामजी पांडेय और प्रधान धनीराम कार से गुजर रहे थे।
सड़क पर गाय खड़ी होने से वे लोग अपनी कार रोक दिए और उतर कर गाय हटाने के लिए कहने लगे। सुकई दुकान के कार्य में व्यस्त होने के कारण उन लोगों की बातों को सुन नहीं पाया। इसी बात से नाराज होकर सेक्रेटरी और प्रधान ने दिव्यांग सुकई की पिटाई कर दी। सेक्रेटरी ने रिवॉल्वर निकाल कर दिव्यांग के सीने पर रख दिया और कहा कि अपनी औकात में रहो बहुत नेतागीरी न करो नहीं तो गोली मार दूंगा।
पीड़ित सुकई के अनुसार उक्त घटना पर गांव के तमाम लोग इकट्ठा हो गए जिससे उसकी जान बच सकी। पुलिस ने इस मामले में सेक्रेटरी श्यामजी पांडेय पता अज्ञात व प्रधान धनीराम निवासी हरदवा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
पीड़ित दिव्यांग सुकई के अनुसार वह भाजपा किसान मोर्चा तहसील मनकापुर का महामंत्री है। बीते बर्ष गांव में बने शौंचालय, खड़ंजा, नाली, सरकारी आवास आदि में घपलेबाजी को लेकर गांव के प्रधान व सेक्रेटरी के खिलाफ जांच कराने व विकास से संबंधित ग्रामसभा में कराए गए कार्यों को लेकर उच्चाधिकारियों से शिकायत की थी।
शिकायत के कारण योजनाबद्ध तरीके से उस पर हमला किया गया है। सुकई के अनुसार पुलिस मुकदमा लिखने में आनाकानी कर रही थी। इस दौरान साथ में आए ग्रामीणों ने कोतवाली के समाने धरना प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। तब सेक्रेटरी व प्रधान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।