गोंडा। मनकापुर के भिटौरा गांव में करीब दो एकड़ जमीन हड़पने के लिए की गई धोखाधड़ी के मामले में मंगलवार को तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। कोतवाल संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि मामले में विवेचना करके कार्रवाई की जाएगी।
मामले की शिकायत भिटौरा गांव की मनीषा सिंह ने की थी। पूर्व में उनकी शिकायत पर जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने जांच कराई थी। जांच में जालसाजी की पुष्टि हुई। क्रेता का नाम-पता सब फर्जी पाया गया था। इसके बाद शिकायत मिलने पर एसपी ने सीओ सिटी सौरभ वर्मा से गोपनीय जांच कराई। सीओ की रिपोर्ट के आधार पर मनकापुर कोतवाली को एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई का निर्देश दिया था। कोतवाल संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि मामले में मिथलेश रस्तोगी निवासी 51, जवाहर नगर गोंडा, कांति सिंह निवासी मनकापुर तथा बिट्टन देवी निवासी तेलियन पुरवा मनकापुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।