करनैलगंज। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पतिसा में चुनावी रंजिश को लेकर मंगलवार रात प्रधान और पूर्व प्रधान समर्थकों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पथराव हुआ, जिसमें मौके पर पहुंचे एक दरोगा की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंगलवार दोपहर बाबा बटौरा धाम पर किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के लोगों के बीच कहासुनी हुई थी। उस समय स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन रात होते-होते विवाद फिर बढ़ गया। रास्ते में कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और देखते ही देखते ईंट-पत्थर चलने लगे।
पथराव के दौरान मौके पर पहुंचे उप निरीक्षक राजेश यादव की मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना से गांव में दहशत फैल गई और लोग घरों में दुबक गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। पूर्व प्रधान पक्ष के प्रिंस सोनी ने आरोप लगाया कि पहले उनके परिवार के लोगों के साथ मारपीट की गई थी। वहीं प्रधान पक्ष के शैलेंद्र शुक्ल का कहना है कि उनके भाई के साथ रास्ता रोककर मारपीट की गई, जिसके बाद वह लोग उलाहना देने गए थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष की ओर से छत से ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे।
कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि चुनावी रंजिश के चलते दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। श्याम मोहन की तहरीर पर प्रिंस सोनी, हरीश सोनी, सचिन सोनी, शिवकुमार, शिवमोहन, कृष्ण मोहन और राम मोहन के विरुद्ध मारपीट, बलवा और तोड़फोड़ की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।