वीडियो से ली गई फोटो में रोते दिखी नाजिया।
गोंडा। नगर कोतवाली के इंदिरा नगर मोहल्ले में नाजिया (30) ने पति की ओर से तलाक की धमकी मिलने से तंग आकर साेमवार को मायके में फांसी लगाकर जान दे दी। इससे पहले के चार मिनट के वीडियो में नाजिया राेते हुए कह रही है कि भले ही मर जाऊंगी लेकिन, तलाक नहीं दूंगी। मेरे पति मुझसे मोहब्बत भले न करते हों लेकिन, मैं उनसे हमेशा प्यार करती थीं। करती हूं और करती रहूंगी। वायरल वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करता है।
मृतका के पिता मो. उस्मान ने बताया कि उसने अपने पुत्री की शादी मो. इस्माइल शेख निवासी सिद्धार्थ नगर से की थी। बीते 9 अक्तूबर को नाजिया के बहन की शादी थी। उसमें शामिल होने के लिए मायके आई थी। कुछ दिनों से दोनों के बीच में रिश्ता ठीक नहीं था। जिसको लेकर उसका पति बराबर तलाक की धमकी दे रहा था। पति इस्माइल शेख मुंबई में रहता है।
फोन पर बातचीत के दौरान ही तलाक की धमकी दिया था। सोमवार की सुबह भी उसका फोन पर झगड़ा हो रहा था। उसने कहा कि कपड़े बदलने के लिए कमरे में जा रही है। इसके बाद उसने फंदे से लटककर जान दे दी। काफी देर बाद जब दरवाजा नहीं खुला, तो उन लोगों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर बेटी पंखे के हुक के सहारे फंदे से लटकी थी। कोतवाल विवेक त्रिवेदी का कहना है कि वायरल वीडियो में आरोपों की जांच की जा रही है।