फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: कनेक्शन कटने से डर से किया पार्ट पेमेंट, अब राहत योजना से हो रहे वंचित

Fri, 05 Dec 2025 11:23 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
विज्ञापन
विश्नोहरपुर/गोंडा। बिजली कनेक्शन कटने के डर से समय से पहले पार्ट पेमेंट करना अब कई उपभोक्ताओं को भारी पड़ रहा है। पार्ट पेमेंट करने वाले ये उपभोक्ता बिजली बिल राहत योजना के लाभ से वंचित हो गए हैं।
विज्ञापन

नवाबगंज के रघुनाथपुर निवासी पूजा देवी ने बताया कि उनका करीब 23 हजार रुपये बिजली बिल बकाया था। कनेक्शन कटने की आशंका के चलते उन्होंने दो महीने पहले दो हजार रुपये जमा कर दिए। अब उन्हें बिजली बिल राहत योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसी तरह नवाबगंज नगर क्षेत्र निवासी रामप्रकाश यादव पर करीब 25 हजार रुपये का बकाया है। उन्होंने एक माह पहले पांच हजार रुपये जमा किए थे। अब न तो उन्हें योजना के तहत छूट मिल पा रही है और न ही शेष रकम जमा कर पा रहे हैं।
जिन उपभोक्ताओं ने अब तक एक बार भी बिल जमा नहीं किया था, मार्च 2025 के बाद से जिनका भुगतान नहीं हुआ या जो बिजली चोरी के मामले में फंसे थे, उन्हें राहत देने के उद्देश्य से पॉवर कॉर्पोरेशन ने यह योजना लागू की है। इसके अंतर्गत जहां 100 फीसदी सरचार्ज माफ करने का प्रावधान है, वहीं मूल बिल में 25 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। इससे जिले में योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ रही है।
विज्ञापन

अधीक्षण अभियंता सुशील कुमार यादव का कहना है कि उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान किया जा रहा है। कैंप में आने वाले उपभोक्ताओं को कोई असुविधा न हो, इसके लिए सभी एक्सईएन को निर्देश दिए गए हैं। प्रबंधन के सामने पार्ट पेमेंट करने वाले उपभोक्ताओं की भी बात रखी गई है। उच्चाधिकारियों के निर्णय के आधार पर इन उपभोक्ताओं को भी राहत प्रदान की जाएगी।
उपभोक्ताओं में असंतोष
जिले के हजारों उपभोक्ता खपत से अधिक बिजली बिल की शिकायत के निस्तारण का इंतजार कर रहे हैं। नवाबगंज के महंगूपुर निवासी नीलम ने बताया कि सौभाग्य योजना के तहत बिजली कनेक्शन लिया था। घर में सिर्फ दो बल्ब जलते हैं। मगर 96 हजार रुपये बिजली बिल आ गया। ऐसे में योजना का लाभ लेने के लिए बिल संशोधन के लिए चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
नवाबगंज में निरीक्षण कर दिए निर्देश
देवीपाटन जोन के मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने शुक्रवार को नवाबगंज के कटरा भोपचंद में शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीओ रंजीत कुमार से कहा कि उपभोक्ताओं को किसी भी दशा में परेशानी नहीं होनी चाहिए। उनकी समस्या का समाधान किया जाए। ताकि अपना बिजली बिल जमा कर सकें। उन्हें उपभोक्ताओं से अपने आसपास के लोगों व पड़ोसियों को भी बिल जमा करने के लिए प्रेरित करने को कहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें