रुपईडीह (गोंडा)। आर्यनगर-करनैलगंज मार्ग पर गुरूवार की सुबह लगभग 11 बजे एक ट्रक ने तीन बाइक सवारों को टक्कर मार दी जिसमें तीनों बाइक पर सवार 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें एक घायल युवक को लखनऊ ले जाते समय उसकी मौत हो गई, जबकि अन्य पांच घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थानाध्यक्ष कौड़िया मनोज कुमार सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के आर्यनगर- करनैलगंज मार्ग पर लैबुड़वा गांव के टावर के पास मोटर साइकिल सवार कौड़िया गांव से करनैलगंज की तरफ जा रहे थे कि करनैलगंज से आर्यनगर की तरफ सामने से आ रहे ट्रक ने दो मोटरसाइकिल सवारों को ठोकर मार दी, जिससे दोनों मोटरसाइकिल सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों मोटरसाइकिल के पीछे भी एक मोटर साइकिल सवार आ रहा था जो सीधे ट्रक में घुस गया जिसे कुछ दूर ट्रक घसीटते चला गया और बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर ट्रक से बाहर हो गया। लेकिन मोटर साइकिल ट्रक में ही फंसी रही। जिससे तीनों मोटरसाइकिल पर सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोग इसकी सूचना परिवारीजनों के साथ पुलिस को देते हुए सभी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले गए। स्थिति को देखते हुए रिंकू दूबे (25) की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय युवक की मौत हो गई।
घायलों की पहचान कृष्ण कुमार निवासी पैडीबरा, संध्या चौबे व साक्षी चौबे निवासी बमडेरा, रिंकू दुबे निवासी बौनापुर, मनीष पांडे निवासी शुक्ला कौड़िया व एक नाम पता अज्ञात के रूप में की गई है। थानाध्यक्ष सिंह ने बताया कि स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक व चालक को पकड़कर थाने पर लाया गया है तथा क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को भी थाने पर लाया गया है, परंतु किसी के तहरीर न देने के कारण अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। घटना की जांच की जा रही है।