गोंडा। जिले के एलबीएस पीजी कॉलेज में शनिवार को आयोजित अयोध्या के डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक संघ चुनाव में प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो जाएगा। सभी प्रत्याशियों ने शिक्षकों के बीच अपना दावा ठोक दिया है। पहली बार जिम्मा संभाल रहे अवध विश्वविद्यालय के शिक्षक संघ के चुनाव को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण कराने के लिए एलबीएस पीजी कॉलेज प्रबंधन ने पूरी तैयारी की है। चुनाव के चलते कॉलेज में शैक्षणिक कार्य स्थगित रहेगा।
अयोध्या स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के अयोध्या, गोंडा, बहराइच, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अमेठी और अंबेडकरनगर समेत कुल सात जिलों के 20 अनुदानित महाविद्यालयों के 490 शिक्षक नई कार्यकारिणी के चुनाव में अपना प्रतिनिधि चुनेंगे। संघ के वर्तमान महामंत्री प्रो. जितेंद्र सिंह ने बताया कि संयुक्त मंत्री के पद को छोड़कर बाकी अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महिला उपाध्यक्ष, महामंत्री कोषाध्यक्ष और विश्वविद्यालय के कुल आठ पदों पर 18 शिक्षकों ने अपनी उम्मीदवारी पेश की है।
गोंडा एलबीएस पीजी कॉलेज के संस्कृत विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर मंशाराम वर्मा, साकेत महाविद्यालय से डॉ. जन्मेजय कुमार तिवारी और जवाहर लाल मेमोरियल पीजी कॉलेज बाराबंकी के प्रोफेसर हेमंत कुमार सिंह समेत कुल तीन शिक्षकों ने नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष पद के लिए दावा ठोंका है। वहीं एलबीएस पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर रवींद्र पांडेय की अध्यक्षता में सुबह 11:30 बजे से दो बजे के बीच चुनाव होगा। वोटों की गिनती के साथ ही नई कार्यकारिणी का गठन व शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। वहीं एलबीएस पीजी कॉलेज में चुनाव के चलते शैक्षणिक कार्य स्थगित कर दिया गया है।
विश्वविद्यालय महाविद्यालय शिक्षक संघ की नई कार्यकारिणी के गठन के साथ विगत तीन सालों में सेवानिवृत्त 52 शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। संघ के चुनाव के लिए नामित मुख्य निर्वाचन अधिकारी व एलबीएस पीजी कॉलेज प्राचार्य आरके पांडेय ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण व निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां की गई हैं। शिक्षक व कर्मचारियों के साथ बैठक की गई है। कॉलेज में पहली बार हो रहे चुनाव को पूरी शुचिता से कराया जाए। इसके लिए सभी जरूरी प्रयास किए गए हैं।