गोंडा। भारतीय किसान यूनियन (भारत का किसान संगठन) ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में पंचायत कर किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन को छह सूत्री ज्ञापन सौंपा। संगठन ने खाद की किल्लत, गन्ना भुगतान, बिजली कटौती और सड़क निर्माण सहित कई समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
जिलाध्यक्ष वंशराज वर्मा ने कहा कि जिले में खाद की भारी कमी है, जिससे किसानों को घंटों कतार में लगना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुंदुरखी चीनी मिल किसानों के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं कर रही है। इसके अलावा लगातार बिजली कटौती से खेती-किसानी प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि बजट स्वीकृत होने के बावजूद गोंडा-उतरौला मार्ग का निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया है। संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से सभी समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की। इस दौरान जिला संगठन मंत्री हरिभान यादव, राजदत्त वर्मा, सतीशचंद्र वर्मा, सदानंद दूबे, रामबरन, खेमराज, राधेश्याम, सुभाष समेत अन्य पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे।