मुजेहना/ पसका (गोंडा)। धानेपुर-उतरौला मार्ग पर विद्युत उपकेंद्र के पास मंगलवार को पैदल घर जा रहे बेलहरी के मजरा सिंहपुर निवासी किसान राहुल तिवारी (40) बस की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, परसपुर के राजापुर माेड़ पर हुए हादसे में घायल दंपती समेत तीन का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
गांव निवासी परमात्मादीन तिवारी का बेटा राहुल तिवारी मंगलवार को किसी काम से धानेपुर बाजार आया था। यहां से वह पैदल घर लौट रहा था। विद्युत उपकेंद्र के पास उतरौला की ओर से आ रही रोडवेज बस की चपेट में आ जाने से वह हादसे का शिकार हो गया। प्रभारी निरीक्षक निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
राजापुर के उमराव पुरवा निवासी रंजीत सिंह मंगलवार शाम बाइक से अपने घर से पत्नी माधुरी व बेटी हिमांशी के साथ भतीजी की शादी के लिए खरीदारी करने परसपुर जा रहे थे। परसपुर-भौरीगंज मार्ग पर राजापुर मोड़ के पास भौरीगंज की ओर से आ रहे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी परसपुर ले जाया गया। अधीक्षक डॉ. लवकेश शुक्ला ने बताया कि घायलों की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
परिवार में मचा कोहराम
परमात्मादीन तिवारी के पांच बेटों में राहुल तीसरे नंबर पर था। राहुल की शादीशुदा बेटी मीनाक्षी और एक बेटा कुणाल तिवारी है। पति की मौत से पत्नी किरन देवी का रो-रोकर हाल बेहाल रहा।