मसकनवा (गोंडा)। छपिया थाना क्षेत्र के इटैला खुर्द गांव में मंगलवार की रात खेत की रखवाली कर रहे एक किसान की ट्रैक्टर ट्रॉली से ठोकर लगने से मौत हो गयी। मृतक की पत्नी अन्नु ने छपिया थाने में तहरीर देकर केस दर्ज कराया है।
आरोप है कि मंगलवार की रात आठ बजे उसका पति मृतक रामभूल वर्मा (45) पुत्र खुनखुन अपने भाई रामलाल व बेटे आकाश के साथ घर से पांच सौ मीटर दूर गन्ने के खेत की रखवाली करने गया था। जहां अपने खाली खेत के बीच में खड़ी ट्राली पर बैठकर खेत की रखवाली कर रहे थे। परिवारीजनों के अनुसार रामभूल छुट्टा जानवरों को भगाने के लिये ट्रॉली से उतरकर सड़क के किनारे तक पहुंच गया। उसी समय सड़क पर जा रही एक एक ईंट-भट्ठे की ट्रैकटर-ट्रॉली ने ठोकर मार दी। ड्राइवर ने रामभूल को बेहोशी की हालत में सड़क से कुछ दूर पुलिया के पास झाड़ में लिटाकर भागना चाहा। लेकिन कुछ दूर पर सड़क के किनारे पेड़ में अनियंत्रित होकर ट्रॉली फंसने से ड्राइवर ट्रॉली को छोड़कर भाग गया।
घटना की सूचना मिलने पर परिवारीजन व गांव के लोग घायल को 108 एंबुलेंस से सीएचसी छपिया लेकर आये। जहां उसकी हालत नाजुक होने पर फैजाबाद ले जाय गया। जहां उसे मृत घोषित किया। मृतक रामभूल चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसके दो बेटी व एक बेटा है। मृतक खेती करके परिवार का गुजर-बसर करता था। एसओ छपिया संजय तोमर ने बताया की ईंट-भट्ठे के मालिक शेषराम वर्मा ने लिखित सूचना दी है कि देवकी प्रसाद निवासी वासुदेवपुर क्षेत्र बख्शीभारी गांव के एक व्यक्ति के यहां मेरे भट्ठे से ईंट ले जाता था। मंगलवार को देवकी प्रसाद के पुत्र पवन कुमार अपनी ट्रॉली भट्ठे पर खड़ी कर भट्ठे की ट्रॉली लेकर गये थे। एसओ ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है।