गोंडा। मनकापुर में बेहटा गांव के पास शुक्रवार देर शाम तेज रफ्तार बाइक सवार की टक्कर से साइकिल सवार किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी मौके पर बाइक छोड़कर भाग गया।
इटरौर निवासी विनोद कुमार पांडेय (35) झिलाही बाजार गए थे। शुक्रवार शाम सवा छह बजे साइकिल से घर लौटते समय झिलाही-वजीरगंज मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक सवार ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। इससे विनोद सड़क पर गिरे और सिर पर गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे में बाइक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इस पर बाइक सवार उसे मौके पर छोड़कर भाग गया।
विनोद तीन भाइयों में बड़े थे। उनके परिवार में छह बेटियां व तीन बेटे हैं। वह खेती-किसानी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। परिजनों ने बताया कि एक बेटी की शादी हो चुकी है। बाकी बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। वह परिवार में इकलौते कमाऊ व्यक्ति थे। विनोद की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
निरीक्षक अपराध हरिश्चंद्र भारती ने बताया कि मौके पर मिली बाइक कब्जे में लेकर आरोपी का पता लगाया जा रहा है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।